शनिवार, 30 मार्च 2019

हार

अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर शहर के कुछ युवा महिलाओं के सम्मान की योजना  बना रहे थे । उन्हीं में से एक युवक ने कहा कि "महिलाओं का सम्मान उन्हे हार पहनाकर भी किया जा सकता है" प्रतिउत्तर में दूसरे युवक ने मुस्कुराते हुए कहा "फोटो पर पहनाये जाने वाला हार या फिर सजीव हार," अन्य जनों ने उसे घूरा तो वह मस्ती में कहता चला गया कि "दोनो हालात में आपकी खैर नही, क्योंकि महिलाओं को हार पहनाना मतलब ....." तभी एक दूसरे इतराते से युवक ने बीच में बोला "अरे भई हार का मलतब हारने वाले हार से भी तो है, क्योंकि हम पुरूष तो जीत के प्रतीक हैं, क्यों भाई लोग" । उनकी बात सुनकर एक युवक ने महिलाओं को सम्बोधित करते हुए चार पंक्तियां बोला जिसे सुनकर इतराते युवा शर्मिंदा हो गये और शेष युवाओं को मिला आयोजन को साकार करने का संबल । आप भी महिलाओं के सम्मान में कभी भी इन पंक्तियों को गुनगुना सकते हैं —
तुम हार नही जीत हो
सच पूंछो तो मीत हो
जिसे सिर्फ रिश्तों में नहीं बांधा जा सकता
तुम हर सम्बन्धों की मधुर गीत हो ।

मंगलवार, 31 जुलाई 2018

उपवास


          उपवास का सामान्य अर्थ यह समझा जाता है कि उपासना के लिए दिन भर या रात भर भूखे रहना उपासना है । अथवा यदि बिना कुछ खाये पीये रहेंगे तो ईश्वर की उपासना पूर्ण मानी जायेगी । जब कि ऐसा नही है । उपासना का पेट से सम्बन्ध नही है । उपासना का संधि विच्छेद करने से उप एवं आसन शब्द से तात्पर्य है ईश्वर का सामीप्य या ईश्वर के पास बैठना ।
          उदाहरण जब सुबह आपके नाश्ते का समय हो और कोई मेहमान आ जाए तो आपको उनके साथ बैठना पड़ेगा और लम्बी बातचीत में नाश्ता करने की सुध ही न रहे ऐसी ही स्थिती उपासना में होती है जब आप ईश्वर की भक्ति में लीन होते हैं तो क्षुधा पूर्ति के लिए समय ही नही मिल पाता और वह स्थिती उपवास बन जाती है । अर्थात जान बूझकर आपने खाना नही खाया बल्कि ईश्वर के सामीप्य में आपकी लगन एवं तल्लीनता आपको खाना पीने की बात भुला दे वही है उपवास । परन्तु हम सब समझते हैं कि भूखे रहना ही उपवास है ।
          आज के आधुनिक समय में सब कुछ फास्ट (त्वरित) है । इसलिए फास्ट (उपवास) भी फास्ट (तेज) ढंग से सम्पन्न किया जाने लगा है । अगरबत्ती जलाई, ऊँ जय जगदीश हरे किया और हो गई उपासना । इसके बाद तरह तरह के पकवान बनाकर डकार लिये और सेल्फी लेकर यह ढिंढ़ोरा पीटा जाता है कि हम तो आज फास्ट (उपवास) पर हैं ।
          वैसे तो आजकल हर मार्डन भारतीय प्रतिदिन उपवास तोड़ता है, ब्रेक फास्ट करके । अतः उपवास का सही अभिप्राय ठीक से समझते हुए जब भी अपने ईष्ट का स्मरण करें और उसमें मगन हो जाएं फिर चाहे कई घण्टे, पूरा दिन ही क्यों न बीत जाए, आपको भूख प्यास की अनुभूति नही होगी, क्योंकि आपके शरीर को आंतरिक उर्जा, आत्मिक उर्जा जो प्राप्त होने लगेगी । परन्तु यदि उपासना अवधि में आपको भूख का अनुभव हो तो जो भी सहज रूप से, प्राकृतिक रूप से उपलब्ध हो उसे निःसंकोच ग्रहण कर लेना चाहिए जैसे फल, दूध इत्यादि ।
          ईश्वर की उपासना में भूख प्यास न लगने की बात को इस उदाहरण से समझें, जब घर में कोई मांगलिक उत्सव जैसे विवाह आदि कार्यक्रम होता है तो कब दिन और रात बीत जाता है आपको पता ही नही चलता । तैयारियों एवं अतिथियों के स्वागत में आप जुटे रहते हैं, एक निवाला भी खाने का समय नही मिल पाता जबकि उन दिनों विविध पकवान बने होते हैं एवं सैकड़ो जन उन्हे चखते चटकारे लेते रहते हैं । स्पष्ट है आपकी संलग्नता, आपकी कार्य विशेष में व्यस्तता आपकी भूख प्यास को निर्धारित करती है, अतः जब ईश्वर की उपासना का समय हो तो हम कितने गंभीर हैं, हमारा लगाव और जुड़ाव ईश्वर के प्रति कितना है इसी बात का द्योतक है उपवास । अगर आस्था एवं भक्ति सच्ची है तो भूख प्यास का होश ही कहां रहेगा ?   

गुरुवार, 8 फ़रवरी 2018

मै नहीं हम

          विविधता प्रकृति का प्रमुख गुण है । हमारे चारो ओर विविध रंग, वस्तुएँ एवं पदार्थ दिख जाते हैं । मनुष्यों में भी प्रकृति के इसी गुण के कारण विविध रंगरूप, आयु एवं वर्ग के लोग दिखते हैं । अगर पृथ्वी में किसी एक ही तरह के व्यक्तियों का समूह शेष रह जाए तो प्रलय आ सकता है । लेकिन विश्व के कुछ भागों में इसी विचारधारा को बढ़ावा मिल रहा है । किसी भी देश के चहुर्मुखी विकास के लिए सामाजिक समरसता आवश्यक है और यह सभी वर्ग के समूहों के पारस्परिक सम्बन्ध से ही सम्भव है ।
           सामाजिक समरसता के कारण ही देवालयों में पाषण प्रतिमाएँ श्रद्धालुओं का कल्याण करती प्रतीत होती हैं । यदि मंदिरों में सामाजिक समरसता न हो और किसी एक ही परिवार अथवा जाति समूह का वर्चस्व हो तो प्रतिमाओं की प्रार्थना में वैसा प्रभाव नही दिखेगा जितना सार्वजनिक मंदिरों की पूजा अर्चना में दिखाई पड़ता है । घर में बने पकवान उतने स्वादिष्ट नही लगते जितना सभी वर्गों के हाथ से बना प्रसाद भण्डारे में स्वादिष्ट लगता है ।
           सामाजिक समरसता का एक अन्य उदाहरण विद्यालयों में देखने को मिलता है । जहां समाज के सभी वर्गों के बच्चे अध्ययन कर अपने साथ देश की प्रगति का माध्यम बनते हैं । विद्यालयों की सफलता एवं बच्चों की प्रतिभा तथा क्षमता प्रदर्शन का एक प्रमुख कारण विद्यालयों की सामाजिक समरसता युक्त संरचना है । जहां भी इसके इतर चिन्हित वर्ग अथवा समुदाय के लिए विद्या अध्ययन की व्यवस्था बनाई गई, उन्हें समान्य विद्यालयों की भांति भी सफलता प्राप्त नही हो सकी । आदि भाषा एवं समृद्ध देवभाषा के रूप में पहचानी जाने वाली संस्कृत भाषा में आज कितने लोग वार्तालाप करने में सक्षम हैं ? कुछ धार्मिक कार्यों में मन्त्रोचार के अतिरिक्त अपने आसपास संस्कृत सुन पाना दुर्लभ होता जा रहा है, क्योंकि दशकों पूर्व कुछ विद्धानों ने संस्कृत लिखने और पढ़ने का अधिकार सीमित करते हुए केवल एक जाति वर्ग के बच्चों पर ध्यान केन्द्रित किया । आज भी कुछ अध्ययन केन्द्र तथा गुरूकुल में सभी को प्रवेश नही दिया जाता । वहीं पौराणिक काल में जन जन की सामान्य बोलचाल की भाषा संस्कृत को अब प्रचार प्रसार का सहारा लेना पड़ रहा है और इसे पुनः गौरव पूर्ण स्थान प्रदान करने के लिए कुछ संस्थाएं कार्यरत हैं ।
           उक्त उदाहरण से स्पष्ट है कि विकास एवं विनाश के लिए सामाजिक समरसता का कितना महत्व है । सामाजिक समरसता “मै” की बजाए “हम” की विचारधार को प्रोत्साहित करती है । 21वीं सदी में जब सम्पूर्ण विश्व इस बात से आश्वस्त है कि भारतवर्ष सभी देशों का नेतृत्व एवं सामंजस्य का सार्मथ्य रखता है और इंटरनेट जैसे अद्भुत अविष्कार से विश्व स्तर पर सामाजिक समरसता का वातावरण बनने लगा है ऐसे में भारत के प्रत्येक नागरिक को कटुता, बैरभाव, अस्पृश्यता एवं ऊंच-नीच की बेड़ियों से मुक्त होकर सामाजिक समरसता के वातावरण को पल्लवित पोषित करना होगा, अन्यथा अपने हाथ से अपनी पीठ थपथपाते हुए हम विश्वगुरू बनने के स्वप्न में गोते लगाते रह जायेंगे ।

गुरुवार, 28 दिसंबर 2017

सवाल

उन्हे शाकाहारियों से चिढ़ है
पर 'शाकाहारी पशु' खाने से नहीं हिचकिचाते हैं
हप्ते में दो दिन भी लेकिन
साग भाजी बिन रह नही पाते हैं
ऐसे पशु जो हरदम
मांस - विष्ठा खाते हैं
उनके नाम से ही वे
जाने क्यों घिनाते हैं
पशु - पशु के मांस में
आखिर फर्क कैसा ?
जीभ की गुलामी में
आँखों का तर्क कैसा
कुदरत ने पशु रचा
इंसान को भी बनाया है
पशुओं को जैसे आंत दांत मिले
क्या इंसान ने वैसा पाया है ?
खुद को कुदरत से बड़ा
समझ की इस सोच को लानत है
गौर से देखो तो जरा
दरअसल यही कयामत है ।

शुक्रवार, 2 जून 2017

मुस्कुराते रहो


सूरज को गगन मिल गया
फूलों का चमन मिल गया
आप जब मुस्कुराये
मन से मन मिल गया



मुफ्त

अखबारों में पढ़ा
कि मुफ्त मिलेगी दवाई
लेकिन यह बात, समझ नही आई
बिना डाक्टर के, रोग कौन समझेगा
सूने हैं अस्पताल, दवा कौन लिखेगा
कोरी पर्ची से, इलाज जाने कैसे हो जाता है
दर्द तो बढ़ते जाता है पर दवा स्टाॅक घट जाता है ।

बुधवार, 24 मई 2017

शुरूआत करें

देश के विकास की बात करें
चलो खुद से शुरूआत करें
हम न करेंगे गंदगी
कुछ तो सफाई रहेगी
कहीं बेवजह न बिजली जले
तो किसी अंधियारे घर को बल्ब मिले
अब देरी हो या मजबूरी
रिश्वत से रखेंगे दूरी
चलो भीड़ में खुद की पहचान बनाएं
अपनी जिम्मेदारी समझें और निभाएं ।

शनिवार, 18 मार्च 2017

बीड़ा मिटाए पीड़ा

     परमात्मा के सृजन में मनुष्य तो बुद्धि का स्वामी बन बैठा परन्तु पशु असहाय रह गये । यही कारण है कि पशु श्रेणी में गौ वंश के प्राणी पाॅलीथिन को भी गटक जाते हैं । मूक एवं अपनी पीड़ा को अभिव्यक्त करने में असफल उक्त पशुओं की सुरक्षा का दायित्व प्रत्येक मानव का है, और सभी को यह प्रयास करना चाहिए कि उसे अनावश्यक रूप से पिटाई एवं पाॅलीथिन से बचाया जाए ।
     विश्व में सबसे अधिक स्वार्थी प्राणी भी मनुष्य ही है, जब तक गाय से दूध मिला तब तक उसकी सेवा करने में कसर नही छोड़ते बाद में दुत्कारने से भी नही हिचकिचाते । उन्नत तकनीक एवं वाहनों के कारण खेती एवं ढुलाई में आवश्यकता नही रहने के कारण बैल एवं बछड़ों को यूं ही भटकने को छोड़ दिया जाता है, जिसके कारण प्रमुख मार्ग एवं स्थलों पर आवारा पशुओं का जमावड़ा आवागमन में बाधक बनने लगता है और जाने अन्जाने लोगों की दुत्कार, पिटाई का शिकार बनते गौ वंश के पशु सड़े गले पदार्थ सहित यत्र तत्र बिखरे पाॅलीथिन खाकर घायल, अपंग और मृ्त्यु के शिकार बन रहे हैं ।
     सुई चुभने पर अपनी चीख से आसमान उठाने वाले वीर मनुष्य, घायल, प्रताड़ित एवं भूखे निरीह पशुओं को देखकर भी नही पसीजते, जैसे मानवता हाड़ मांस के शरीर से विलुप्त हो चुकी हो । हजारों में बस कुछ व्यक्ति ही ऐसे हैं जो अपनी पीड़ा एवं पशुओं की पीड़ा की समानता समझते हुए, यथा संभव सहयोग एव सेवा के लिए तत्पर नजर आते हैं, क्या आप भी उनमे से एक हैं ? यदि हाॅं तो फिर प्रस्तुत गौ सेवा एवं संरक्षण की इस अभिनव योजना के दायित्व वाहक आपसे सर्वोत्तम कोई हो नही सकता ।
     यदि आपके क्षेत्र के खाली पड़ी भूमि पर आसपास के किसी कंपनी के सी.एस.आर. यानि सामुदायिक कल्याण निधि से पशुओं के सुरक्षित भ्रमण, विश्राम एवं चारागाह के लिए स्थल आवंटित कराते हुए चहारदीवारी एवं शेड के निर्माण के साथ ही, स्थानीय निकाय द्वारा पशुओं के पेयजल की सुविधा, सुरक्षा हेतु चैाकीदार एवं अन्य आवश्यकताओं की पूर्ति करा दी जाए । विधायक तथा सांसद नियमानुसार अपने कल्याण निधि से उक्त स्थल को पर्यटन की दृष्टि से विकसित एवं सुव्यवस्थित बना दें । समाज सेवी संस्थाएं एवं जनप्रतिनिधि गण तथा आम नागरिक अपनी सार्मथ्य अनुसार सहयोग प्रदान कर पशुओं के चिकित्सा एवं औषधि की जिम्मेदारी ले लें तो अभिनव जन प्रयास युक्त पशु संरक्षण स्थल मूर्त रूप लेकर अन्य क्षेत्रों के लिए प्रेरणास्रोत एवं पथ प्रदर्शक बन सकता है ।
     सभी के सम्मिलित प्रयास से इधर उधर भटक रहे पशुओं को एक विशालकाय मैदान में विचरण का आनंद प्राप्त हो सकेगा एवं उन्हें जूठन तथा पाॅलीथिन से मुक्त रखते हुए विभिन्न स्थलों पर होने वाली पिटाई से सुरक्षित रखा जा सकेगा । पशुओं से मुक्त सड़कों से आवागमन करने वाले भी सुरक्षित रहेंगे और पशु भी । बरसात हो या ठंड, मनुष्य स्वयं को सुरक्षित रखता है, लेकिन खुले आसमान में ठिठुरते जानवरों की परवाह कौन करता है ? उक्त गौ सेवा एवं संरक्षण स्थल के निर्माण से बरसात एवं ठंड में छांव तलाशते पशुओं को एक सुरक्षित ठिकाना मिल जायेगा ।

मंगलवार, 28 फ़रवरी 2017

कविता

किसी की आँखों की शरारत में कविता है 
किसी चेहरे की मुस्कुराहट में कविता है
किसी भूखे को भरपेट खाना खिलाकर तो देखें
उसकी तृप्ति और नम आँखों के आभार में कविता है

गुरुवार, 2 फ़रवरी 2017

ईश्वर

अगर हम हैं तो वो भी है
हम नहीं तो वो कहीं नहीं
महसूस करके फर्क तो देखो
कहते हैं जिसे साँस
वो सिर्फ बहती हवा तो नहीं

बुधवार, 1 फ़रवरी 2017

जन्मदिन की शुभकामनाएँ

प्रत्येक प्राणी का जन्म विशिष्ट है और उसके जन्म का उद्देश्य भी, इसीलिए जन्मदिन को हम सभी अत्यंत हर्षोल्लाष के साथ मनाते हैं ।
हर कोई चाहता है की उसका जन्मदिन कुछ अलग ढंग से मनाया जाए, तो प्रस्तुत है ऐसा ही एक अभिनव प्रयास।  इसे घर में, स्कूल में, मित्र मंडली के समूह में, कार्यालय में कहीं भी प्रस्तुत किया जा सकता है।

आपको बस इतना करना है कि जिसका जन्मदिन है उसके सम्मुख ये पंक्तियाँ पढना है और अंतिम शब्द के ठीक बाद जन्मदिन से सम्बंधित कोई धुन बजाना है जैसे- हैप्पी बर्थ डे टू यू   ....... 

"महकते फूलों की ये बगिया
यूँ ही खिलती रहे
आपका मार्गदर्शन और प्रेरणा
सबको मिलती रहे
अभी तो देखें हैं आपने बस ..... साल  *(खाली स्थान में वांक्षित साल लिखें )
हजारों बरस तक
खुशियों की ये धुन बजती रहे  ......"